फोटो परिचय- पुलिस टीम की गिरफ्त में तीन शातिर।
– कल्यानपुर पुलिस ने गिरोह का किया भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
– महिला से छीना मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल बाइक समेत तीन फोन बरामद
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। हाईवे और सुनसान रास्तों पर राहगीरों की तलाश कर झपटमारी करने वाले तीन शातिर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। कल्यानपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर महिला से छीना गया मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो अन्य एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस की पूछताछ में गिरोह की वारदात करने की पूरी कार्यशैली सामने आई।
पुलिस के अनुसार छह अक्टूबर की रात करीब 11 बजे एक महिला शौच के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने रास्ते में उसे घेर लिया और हाथ से मोबाइल झपटकर कानपुर की ओर भाग निकले। घटना की सूचना मिलने के बाद सात अक्टूबर को कल्यानपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 220/2026 के तहत धारा 304(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपितों की तलाश तेज कर दी। सुरागरसी-पतारसी के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। जांच के दौरान सामने आए संदिग्धों की घेराबंदी कर पुलिस ने तीनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राज सिंह पुत्र शिवबहादुर सिंह निवासी पुरानी बिंदकी, हाल पता ग्राम पहुर थाना कल्यानपुर, विवेक सिंह पुत्र मनीष सिंह निवासी ग्राम पहुर और आदित्य प्रताप सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह निवासी ग्राम पहुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे मोटरसाइकिल से हाईवे, मुख्य मार्गों और सुनसान इलाकों में घूमकर पहले लोगों की रेकी करते थे। खासकर अकेली महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाने के लिए चिह्नित किया जाता था। मौका मिलते ही बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मोबाइल व अन्य सामान झपट लेते और फरार हो जाते थे। वारदात से मिले सामान अथवा रकम को आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से महिला से छीना गया मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल तथा जामातलाशी में दो अन्य एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक विवेक कुमार, हेड कांस्टेबल विपिन यादव, आरक्षी प्रेम सागर और कांस्टेबल विकास कुमार कनौजिया शामिल रहे।
