फोटो परिचय-  रोजगार मेले में युवाओं को संबोधित करते जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह।

– 763 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण, 10 से अधिक कंपनियों ने की भर्ती प्रक्रिया

– अग्निवीर वायु भर्ती को लेकर भी युवाओं को दी गई जरूरी जानकारी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। नौकरी की तलाश में जुटे जिले के युवाओं के लिए शनिवार को ठा. युगराज सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित रोजगार मेला उम्मीद की नई किरण लेकर आया। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित मेले में बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। अलग-अलग कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने किया। रोजगार के अवसर पाने की उम्मीद में कुल 763 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। मेले में शामिल 10 से अधिक कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए युवाओं की स्क्रीनिंग और साक्षात्कार लिया। प्रक्रिया के दौरान 273 अभ्यर्थियों को प्रारंभिक रूप से चयनित एवं शॉर्टलिस्ट किया गया।

मेले में रोजगार के साथ युवाओं को सैन्य सेवा के अवसरों की भी जानकारी दी गई। भारतीय वायुसेना के वारंट ऑफिसर अमरेन्द्र कुमार जायसवाल और दुर्गेश सिंह ने अग्निवीर वायु भर्ती की प्रक्रिया, पात्रता, चयन के विभिन्न चरणों और तैयारी के संबंध में युवाओं का मार्गदर्शन किया। अधिकारियों ने युवाओं को भर्ती से जुड़ी आवश्यक जानकारियां देकर बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित किया।

आयोजन के दौरान अभ्यर्थियों को करियर से जुड़े विकल्पों और रोजगार के लिए आवश्यक तैयारियों के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन श्रेय शुक्ला और शशांक पाण्डेय ने किया। रोजगार मेले को सफल बनाने में जिला सेवायोजन कार्यालय के हर्ष लालवानी, सहायक सेवायोजन अधिकारी एमके यादव, हसमत अली, आशुतोष वर्मा, चन्द्रकिशोर, सुखनंदन सक्सेना, नीतू सिंह, वाईपी, संदीप, ललित कुमार, अतुल कुमार और रामा देवी समेत अन्य कर्मचारियों का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now