फोटो परिचय- ललौली में बुजुर्ग महिला की हत्या की घटना के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– घर में अकेली रहती थीं बिलकीश बेगम, कमरों के टूटे दरवाजे और बिखरा मिला सामान
– एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने मौके पर पहुंचकर की जांच, मुंबई में रह रहे बेटों को दी गई सूचना
REPORT= MOHSIN KHAN
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ललौली कस्बे में अपराधियों ने घर में अकेली रह रही एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए उनकी हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह घर के अंदर महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घर की हालत देखकर वारदात के पीछे लूटपाट की आशंका भी जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ललौली थाना क्षेत्र के सातआना मोहल्ला निवासी करीब 58 वर्षीय बिलकीश बेगम पति की मौत के बाद घर में अकेली रहती थीं। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच डायल 112 पर उनके घर में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और महिला अपने सोने के स्थान पर मृत अवस्था में पड़ी थीं।
पुलिस की शुरुआती जांच में घर के अंदर कई कमरों के दरवाजे टूटे मिले। वहीं अलमारी और बक्से खुले पड़े थे तथा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। घर की इस स्थिति ने हत्या के साथ लूटपाट की आशंका को भी बल दिया है। प्रारंभिक तौर पर महिला की गला अथवा मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि वारदात की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मृतका के दोनों बेटे रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों बेटे फतेहपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से महिला की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया है। घर के भीतर सामान बिखरा मिला है और प्रारंभिक परिस्थितियां गला या मुंह दबाकर हत्या किए जाने की ओर इशारा कर रही हैं। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
