फोटो परिचय- वृद्धजनों के बीच फल व वस्त्र वितरित करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।

– वृद्धजन आवास में आत्मीयता के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस

– स्वास्थ्य जांच के बाद जरूरत के अनुसार बुजुर्गों को वितरित की गईं दवाएं

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर बुधवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धजन आवास में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने वृद्धजन आवास पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की और उनके साथ आत्मीय संवाद कर दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वृद्धजन आवास की अधीक्षिका नीतू वर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डीएम का स्वागत किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने आवास में रह रहे वृद्धजनों के बीच पहुंचकर उनकी दिनचर्या, रहन-सहन और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान भोजन जन सेवा समिति के संस्थापक कुमार शेखर ने वृद्धजनों का माल्यार्पण कर उनका आशीर्वाद लिया। जिलाधिकारी ने उनके सेवा भाव की सराहना की। जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी ने भी वृद्धजनों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धजनों को फल और वस्त्र वितरित किए तथा उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की जानकारी ली। डिप्टी सीएमओ डॉ. इश्तियाक अहमद की देखरेख में बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। जांच के बाद चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार दवाएं और सिरप वितरित किए गए।

कार्यक्रम के अंत में सभी वृद्धजनों को भोजन कराया गया। अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके साथ समय बिताकर उन्हें अपनत्व का एहसास कराया। कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

इस अवसर पर प्रधान सहायक समाज कल्याण विभाग सूरज कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष तिवारी, युवा विकास समिति के ज्ञानेंद्र मिश्रा व अशोक यादव, जेपीएस फाउंडेशन के कोऑर्डिनेटर संजय कुमार सिंह, राहुल सिंह, अनूप कुमार, आनंद सिंह समेत वृद्धजन आवास के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now