फोटो परिचय- (1) मेधावी छात्र-छात्राओं को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते अतिथि।

– मेधा अलंकरण समारोह में छात्र-छात्राओं को शील्ड, मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान

– लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर चौराहे का हुआ अनावरण, सहयोगियों को भी किया सम्मानित

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पाल सामुदायिक उत्थान समिति की ओर से रामलीला मैदान में मेधा अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले करीब 35 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। इसी अवसर पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर चौराहे का अनावरण भी किया गया।

समारोह की अध्यक्षता समिति के कोषाध्यक्ष देशराज पाल ने की। मुख्य अतिथि ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेस फेडरेशन के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव ई. हरिश्चंद्र मंडल तथा विशिष्ट अतिथि पाल विकास समिति वाराणसी के अध्यक्ष मुन्नालाल पाल रहे। अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

मुख्य संयोजक एवं समिति अध्यक्ष डॉ. अमित पाल ने कहा कि किसी भी समाज की उन्नति में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। प्रतिभावान विद्यार्थियों को समय-समय पर प्रोत्साहन मिलने से उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है। उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास है कि समाज की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ ही उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया जाए।

चौराहे के सुंदरीकरण में सहयोग करने वालों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर चौराहे के सुंदरीकरण में योगदान देने वाले सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया। नगर पालिका परिषद की सभासद सरोज पाल के प्रस्ताव पर बोर्ड द्वारा नामित चौराहे के सुंदरीकरण और अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापना में आर्थिक एवं अन्य सहयोग करने वाले एपी मोटर्स के निदेशक राकेश पाल, भीखूलाल पाल, ई. सत्यपाल पाल, ई. जेपी पाल, रामपाल पाल, मनमोहन पाल, ऋतिक पाल और जितेंद्र पाल को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र भेंट किए गए।

चौराहे के अनावरण कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बोर्ड के मौजूद सभासदों को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा भी भेंट की गई। इस दौरान लोगों ने लोकमाता के सामाजिक योगदान और उनके आदर्शों को याद किया।

जादू की प्रस्तुति से विज्ञान का संदेश

समारोह में गोरखपुर से पहुंचे जादूगर अशोक यादव ने विभिन्न प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन किया। साथ ही अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से अंधविश्वास से दूर रहकर तर्क और वैज्ञानिक सोच को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि ई. हरिश्चंद्र मंडल ने पेरियार ईवी रामासामी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए मेधावी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

समारोह में डॉ. रतीभान पाल, सूरजभान पाल, रामचंद्र पाल, कुलदीप पाल, रामप्रसाद पाल, सौरभ पाल, बबलू पाल, रामविनोद पाल, धीरेंद्र कुमार पाल, श्यामलाल पाल, रामबाबू पाल, बछराज पाल, मनराज पाल, बचोली पाल, पवन पाल, धनराज पाल, रज्जन पाल, बद्री प्रसाद पाल, मनीष पाल, शिव भोला पाल समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now