CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। तहसील क्षेत्र के किशनपुर थाना क्षेत्र स्थित संगोलीपुर मडैय्यन मोरंग खदान एक बार फिर विवादों में है। ग्रामीणों ने खदान संचालक पर एनजीटी की नियमावली की अनदेखी करते हुए प्रतिबंधित बड़ी बूम वाली मशीनों से दिन-रात बड़े पैमाने पर मोरंग खनन कराने का आरोप लगाया है। साथ ही खदान क्षेत्र में भारी मात्रा में मोरंग के भंडारण तथा ओवरलोड वाहनों से परिवहन किए जाने की शिकायत भी सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार खदान में कथित अनियमितताओं से जुड़े वीडियो और फोटो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय इन्हें पुराना बताकर मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं। इससे क्षेत्रीय लोगों में प्रशासन और खदान संचालक के बीच मिलीभगत की आशंका गहराती जा रही है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी खदान में अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर खनन निदेशालय की टीम ने आकस्मिक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर खनन अधिकारी द्वारा खदान संचालक के खिलाफ अवैध खनन की एफआईआर दर्ज कराई गई थी। वहीं जिला प्रशासन ने लाखों रुपये का जुर्माना भी लगाया था। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक कोई ऐसी प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे अनियमितताओं पर स्थायी रोक लग सके। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम अभिनीत कुमार ने बताया कि शिकायत आने पर तत्काल कार्रवाई की जाती है।
