–विजयपुर पीएचसी में मरीजों को अस्पताल से बाहर दवा खरीदने के लिए मजबूर किए जाने की शिकायत

– दवाएं उपलब्ध होने के बावजूद मेडिकल स्टोर से खरीदारी कराने का आरोप, जांच की मांग

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। विजयपुर स्थित सरकारी अस्पताल में इलाज कराने पहुंच रहे मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए पर्चा लिखे जाने का मामला सामने आया है। मरीजों और तीमारदारों का आरोप है कि चिकित्सकों द्वारा ऐसी दवाएं लिखी जा रही हैं, जिनमें से कुछ अस्पताल में उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें परिसर के बाहर स्थित मेडिकल स्टोर से खरीदना पड़ रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर उपचार का अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है।

मरीजों के मुताबिक अस्पताल की पर्ची पर लिखी दवाओं के लिए उन्हें मेडिकल स्टोर का रुख करना पड़ता है। शिकायत करने वाले मरीजों का कहना है कि कई बार दवाओं का खर्च 100 रुपये से शुरू होकर 800 रुपये या इससे अधिक तक पहुंच जाता है। ग्रामीण और मजदूर वर्ग के परिवारों के लिए यह अतिरिक्त खर्च उठाना आसान नहीं है।

सोनमऊ गांव निवासी शमशेर सिंह ने बताया कि वह उपचार के लिए विजयपुर सरकारी अस्पताल पहुंचे थे। चिकित्सक द्वारा लिखी गई दवाएं उन्हें बाहर स्थित मेडिकल स्टोर से करीब 800 रुपये में खरीदनी पड़ीं। उनका कहना था कि सरकारी अस्पताल में उपलब्ध दवाएं मरीजों को उपलब्ध कराई जानी चाहिए और अनावश्यक रूप से बाहर से दवा खरीदने की स्थिति नहीं बननी चाहिए।

मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की सूची सार्वजनिक किए जाने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अस्पताल के स्टॉक में कौन-कौन सी दवाएं मौजूद हैं। साथ ही बाहर की दवाएं लिखे जाने संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई गई है।

मामले में अस्पताल प्रशासन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया। बताया गया कि चिकित्सा अधीक्षक के कक्ष का दरवाजा बंद था और कुछ देर बाद आने की बात कही गई। अस्पताल प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आ सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now