– दो घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने बरामद किया बच्चे का शव
– इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम, सऊदी अरब में है पिता
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। गाजीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय मासूम की सेप्टिक टैंक में डूबने से मौत हो गई। खेलते समय बच्चा पड़ोस में बने टैंक के गहरे गड्ढे में जा गिरा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी भरे गड्ढे की गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने गोताखोरों और जाल की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर थाना क्षेत्र के रुना खुर्द निवासी ननकू ने फतेहपुर रोड स्थित मीरापुर मोड़ के सामने मकान बनवाया है, जहां वह परिवार के साथ रहता है। मंगलवार शाम कामता प्रसाद का सात वर्षीय बेटा अर्पित घर के आसपास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह पास में गाजीपुर निवासी हरिप्रसाद के यहां बने सेप्टिक टैंक के गड्ढे में गिर गया। साथ खेल रहे बच्चों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी तो परिवार के लोग और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
बच्चे को बाहर निकालने के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन गड्ढे में पानी भरा होने और गहराई अधिक होने के कारण लोग सफल नहीं हो सके। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे जवानों ने बचाव अभियान शुरू किया और गोताखोरों व जाल की सहायता से लगभग दो घंटे बाद बच्चे को बाहर निकाला। परिजन आनन-फानन उसे गाजीपुर के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इकलौते बेटे की मौत से उजड़ा परिवार का सहारा
मासूम की मौत की खबर मिलते ही मां अनीता और बहनों प्रतिज्ञा, अंजली व पायल का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कामता प्रसाद की तीन बेटियां और एक बेटा था। अर्पित परिवार का इकलौता बेटा था और कक्षा दो में पढ़ता था। परिवार के भरण-पोषण के लिए उसके पिता कामता प्रसाद सऊदी अरब में रहकर काम करते हैं। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
