– स्वच्छता में मिलीं खामियां, सुधार के दिए निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में मिलावटी व असुरक्षित खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को नेशनल हाईवे किनारे स्थित होटल और ढाबों पर सघन जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं गुणवत्ता पर संदेह होने पर चार खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन व जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय बीएस कुशवाहा के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान महाराजा होटल से आटा, रामदरबार रेस्टोरेंट से अरहर की दाल, आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के निस्तारण के क्रम में ग्राम गुरवल खागा से मैक्रोनी तथा किशनपुर रोड स्थित योगेश पाल के दुग्ध वाहन से दूध का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, दिनेश चंद्र, धीरज कुमार दीक्षित, अनुराधा कुशवाह व देवेश मिश्रा मौजूद रहे।
