फोटो परिचय- बैठक के दौरान व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
– डीएम ने व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मांगा सहयोग
– स्वगणना के साथ पात्र नागरिकों को मतदाता बनाने की अपील
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में जनगणना और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों को साथ जोड़ने की पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर दोनों महत्वपूर्ण अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक में डीएम ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं और भविष्य की नीतियों का आधार तैयार करने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी जिम्मेदारी समझते हुए योगदान देना चाहिए। उन्होंने व्यापारियों से पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वगणना करने तथा अपने प्रतिष्ठानों, कर्मचारियों और आसपास के लोगों को भी इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की अपील की।
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद जरूरी है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में व्यापारिक संगठनों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि व्यापारी अपने संपर्क में आने वाले ऐसे नागरिकों को जागरूक करें, जो मतदाता बनने की पात्रता रखते हैं, लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग जरूरी है।
बैठक में उपायुक्त राज्यकर, उपायुक्त उद्योग, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सदर सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




