फोटो परिचय- जीवाईसीयू की बैठक में आगामी खेल आयोजनों की रणनीति तय करते पदाधिकारी।
– 2 जनवरी 2027 से प्रस्तावित प्रतियोगिता में आईपीएल की तर्ज पर उतरेंगी टीमें
– बालिका खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने की बनी रणनीति
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। ग्रामीण अंचलों की खेल प्रतिभाओं को निखारने और शहीदों की स्मृतियों को जीवंत रखने के उद्देश्य से ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन (जीवाईसीयू) ने अपनी गतिविधियों को विस्तार देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में आयोजित जनपदीय मासिक बैठक में अमर शहीद प्रीमियर लीग के सीजन-10 के आयोजन को हरी झंडी दे दी गई। साथ ही वर्षभर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को गति देने पर सहमति बनी।
बैठक में विशेष रूप से बालिकाओं की खेल प्रतिभा को आगे लाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, जरूरी संसाधन और उचित अवसर मिलने चाहिए। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करने का निर्णय लिया गया।
यूनियन की ओर से क्रिकेट के साथ अन्य खेलों को भी प्रोत्साहित करने की कार्ययोजना तैयार की गई। इसके तहत अमर शहीद प्रीमियर लीग, टैलेंट सर्च प्रीमियर लीग, उत्तर प्रदेश एजुकेशन प्रीमियर लीग और जीवाईसीयू लीग के आयोजन पर चर्चा हुई। वहीं फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और टेबल टेनिस की प्रतियोगिताएं भी नियमित रूप से कराने का प्रस्ताव रखा गया। बालक-बालिकाओं के लिए प्रत्येक माह खेल गतिविधियां आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक का मुख्य आकर्षण अमर शहीद प्रीमियर लीग का दसवां संस्करण रहा। आईपीएल की तर्ज पर प्रस्तावित इस प्रतियोगिता का आयोजन 2 जनवरी 2027 से कराने की योजना है। आयोजन को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए प्रतिष्ठित प्रायोजकों तथा टीम मालिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान वरिष्ठ राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व पुलिस उपाधीक्षक शिव स्वरूप, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. अंकित सिंह, जिला महासचिव कंचन धर्मकांति, जिला प्रवक्ता आसिया फारूखी, तृप्ति सेठ, जिला स्वास्थ्य प्रशिक्षण प्रभारी वंदना सिंह, खेल प्रभारी आशुतोष कुमार, पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं व्यवस्थापक अतुल कुमार, जतिन, शिक्षक विनय सिंह और अमित समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
