फोटो परिचय- सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेते खंड विकास अधिकारी रत्नाकर त्रिपाठी।
– सर्वोदय इंटर कॉलेज परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत होगा आयोजन
– बीडीओ रत्नाकर त्रिपाठी ने स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
असोथर/फतेहपुर(CNF)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार, 14 अक्टूबर को असोथर नगर पंचायत स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज के मैदान में सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। समारोह में 58 जोड़े वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजन की व्यवस्थाओं को परखने के लिए खंड विकास अधिकारी रत्नाकर त्रिपाठी ने विवाह स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग के एडीओ बलराम और अमन शुक्ला भी आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।
खंड विकास अधिकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को एक लाख रुपये का लाभ दिए जाने का प्रावधान है। इसमें गृहस्थी के लिए जरूरी सामग्री और नकद सहायता शामिल है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के खर्च में राहत देना है।
समारोह में अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता के शामिल होने की भी संभावना है। उनके द्वारा नवदंपतियों को आशीर्वाद देने और उपहार भेंट किए जाने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर वर-वधू के परिवारों में उत्साह का माहौल है।
