फोटो परिचय- मेगा शिविर में लाभार्थी को प्रमाण पत्र प्रदान करते जिला जज।
– विधिक सेवा प्राधिकरण के मेगा शिविर में विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
– पेंशन, आवास, स्वरोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं से लाभार्थियों को किया गया लाभान्वित
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों की समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान कराने के उद्देश्य से रविवार को सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में वृहद जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में तीन हजार से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश सुधीर कुमार ने लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र एवं स्वीकृति प्रदान की। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पलाश गांगुली, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी समेत न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला, कौशल विकास, प्रधानमंत्री सूर्य घर, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा, मुख्यमंत्री युवा एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के पात्र लोगों को लाभ उपलब्ध कराया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर ही लाभार्थियों को योजनाओं की प्रक्रिया, पात्रता और सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी।
इसके अलावा चिकित्सा विभाग की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार की व्यवस्था की गई। प्रेक्षागृह परिसर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। यहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रता के अनुसार लाभ प्राप्त करने में सहयोग भी किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पलाश गांगुली ने शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार जताया। आयोजन ने न्यायपालिका, पुलिस और जिला प्रशासन के आपसी तालमेल के जरिए जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल का संदेश दिया।
