– खिड़की से डंडा डालकर सेल्समैन की पैंट उड़ाई थी रकम
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। असोथर थाना पुलिस ने लाल मोर्चा एनर्जी स्टेशन से नकदी चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 13200 रुपये बरामद किए गए हैं, जबकि उसने 190 रुपये खर्च करने की बात कबूल की है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई की रात थाना क्षेत्र स्थित लाल मोर्चा एनर्जी स्टेशन पर तैनात सेल्समैन सोनू उर्फ सुखदेव ड्यूटी के दौरान सो गया था। इसी दौरान चोर ने मैनेजर के केबिन के पीछे की खिड़की से डंडा डालकर चारपाई पर रखी उसकी पैंट अपनी ओर खींच ली और उसमें रखे 13390 रुपये चोरी कर फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर थाना असोथर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत थाना असोथर पुलिस ने प्रभावी सुरागरसी करते हुए सोनू सिंह पुत्र सरवन सिंह निवासी ग्राम सुजानपुर थाना असोथर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि चोरी की रकम में से 190 रुपये खर्च कर दिए, जबकि शेष 13200 रुपये पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद कर लिए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोत्तरी भी की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राकेश चंद्र शर्मा, कांस्टेबल राजवीर की टीम शामिल रही।
