पुलिस कार्यालय का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– रिकॉर्ड, अनुशासन व व्यवस्थाओं पर कसा शिकंजा
– चुनाव सेल से एलआईयू तक लिया बारीकी से जायजा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय का औचक एवं गहन निरीक्षण किया। करीब हर महत्वपूर्ण शाखा का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अभिलेखों की बारीकी से जांच की और कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को रिकॉर्ड अद्यतन रखने, कार्यालय में अनुशासन बनाए रखने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
सबसे पहले एसपी ने एचएस रजिस्टर, एसआर रजिस्टर, पत्रावलियों, शस्त्र रजिस्टर समेत विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहन परीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड के रख-रखाव, प्रविष्टियों की स्थिति और दस्तावेजों के संधारण की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय स्थित चुनाव सेल, गार्ड रूम, प्रधान लिपिक शाखा, रिट सेल, एलआईयू कार्यालय का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रत्येक शाखा में फाइलों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, कार्यालय की स्वच्छता, अभिलेखों के सुरक्षित संधारण और कार्य निष्पादन की गुणवत्ता का जायजा लिया गया। एसपी ने निर्देश दिए कि सभी शाखाओं में कार्यालयीन कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से किए जाएं, ताकि पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कार्यालय की कार्यप्रणाली में अनुशासन, अभिलेखों का नियमित अद्यतन व स्वच्छ कार्य वातावरण पुलिस की कार्यक्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अभिलेख निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थित रखे जाएं। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
