दो दिवसी प्रशिक्षण के समापन पर मौजूद संस्था के सदस्य
आशा व आंगनवाड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताय का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। कोराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य संबंधी सरकारी योजनाओं, टीकाकरण कार्यक्रमों एवं जनजागरूकता गतिविधियों को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में ब्लॉक सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक भवानी सिंह, संस्था की प्रबंधक रूबिना, परियोजना समन्वयक तूबा अकील, प्रशिक्षक पायल तथा मोबिलाइज़र अल्ताशा परवीन, सलाहुद्दीन और राबिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को महिलाओं, किशोरियों और बच्चों से जुड़ी विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षक पायल ने बताया कि कार्यकर्ता समुदाय में जागरूकता बढ़ाकर लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, दवाओं और अन्य सुविधाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए नजदीकी सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने पर भी बल दिया। इस दौरान बीसीपीएम भवानी सिंह ने मानव पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए यह टीका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करने में सहायक साबित होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। भवानी सिंह ने संस्था द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विभाग का पूरा सहयोग संस्था को मिलता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्था भविष्य में भी समुदाय को स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी। प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य जागरूकता, टीकाकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now