CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। खखरेरू थाना के कोट गांव मजरे चंदनमऊ में एक दर्दनाक हादसा हो गया। गोद भराई समारोह में शामिल होने आई 14 वर्षीय किशोरी की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार किशोरी अंजू कुमारी पुत्री फूल चंद निवासी पुनवार, पश्चिम शरीरा, जिला कौशांबी कक्षा आठ की छात्रा थी। रविवार को अपने परिजनों के साथ रिश्तेदारी में आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। समारोह के दूसरे दिन सुबह लगभग आठ बजे वह अन्य बच्चों के साथ यमुना नदी में नहाने गई थी। नहाते समय गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी यह देख बच्चे चीखने चिल्लाने लगे। चीख पुकार सुनकर
परिजन और स्थानीय लोग नदी के किनारे पहुंचे उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। काफी प्रयास के बाद किशोरी को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now