* वारदात के खुलासे के लिए चार टीमें जुटीं, हत्या की वजह अब भी साफ नहीं
* खेत में सो रहे किसान को गोली मारने के बाद धारदार हथियार से किया गया था हमला
CITY NEWS FATEHPUR
असोथर/फतेहपुर(CNF)। थाना क्षेत्र के सातों पीत गांव के मजरे गड़रियन पुरवा में किसान सीताराम पाल की हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को अब तक कामयाबी नहीं मिली है। घटना के बाद गठित चार पुलिस टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के जरिए मृतक के संपर्कों की पड़ताल करने के साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी तक हत्यारों तक पहुंचने वाला कोई ठोस सुराग सामने नहीं आया है।
जानकारी के मुताबिक, 11 अक्टूबर की रात खेत में सो रहे किसान सीताराम पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद धारदार हथियार से भी उनके शरीर पर कई वार किए थे। इस सनसनीखेज घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है।
जांच के क्रम में पुलिस मृतक के परिचितों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से जानकारी जुटा रही है। मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। चार टीमें अलग-अलग पहलुओं पर काम कर रही हैं, लेकिन अभी तक न तो हत्या की वजह स्पष्ट हो सकी है और न ही किसी आरोपी की भूमिका की पुष्टि हुई है।
थाना प्रभारी राजीव मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ और सीडीआर सहित अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर हत्याकांड का खुलासा करने का प्रयास जारी है।
