खाकी के आंगन के होनहारों को सम्मानित करतीं कृति मांगलिक।
– वामा सारथी सम्मान समारोह में चमके पुलिस परिवार के सितारे, कृति मांगलिक ने बढ़ाया हौसला
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। रिजर्व पुलिस लाइन में सोमवार को उस समय गौरव और उत्साह का केंद्र बन गई, जब वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के तत्वावधान में पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वामा सारथी की जनपद अध्यक्ष कृति मांगलिक ने की।
समारोह में शैक्षिक सत्र 2025-26 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले पुलिस कर्मियों के होनहार बेटों-बेटियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं अभिभावकों की आंखों में गर्व साफ दिखाई दिया। श्रीमती कृति मांगलिक ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने, शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने तथा देश और समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच बच्चों का उत्साहवर्धन किया। वक्ताओं ने कहा कि वामा सारथी द्वारा आयोजित ऐसे सम्मान समारोह बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं। पूरा समारोह सम्मान, प्रेरणा और गौरव का प्रतीक बन गया। पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों को मिले इस सम्मान ने यह साबित कर दिया कि खाकी की जिम्मेदारियों के बीच भी पुलिस परिवार के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। अंत में सभी मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now