– सत्तर लीटर सिरका व एसिड सीज
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने खागा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सिरका बनाने की एक इकाई का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान लगभग 70 लीटर नकली सिरका और तीन लीटर एसिड सीज किया गया। साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के कुल 6 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन व जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) बीएस कुशवाहा के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान खागा स्थित करन उर्फ रामसमुझ की सिरका निर्माण इकाई में पाया गया कि सिरका का निर्माण एसिड, पानी और गुड़ के मिश्रण से किया जा रहा था। टीम ने मौके पर मौजूद लगभग 70 लीटर नकली सिरका एवं तीन लीटर एसिड को सीज कर दिया। इसके अलावा कृष्णा स्वीट हाउस से खोया, हरि ओम किराना से सॉस, सुभाष एजेंसी से टोमैटो केचप तथा बिलिकिंट कॉमर्स प्रा.लि. फतेहपुर से रेड चिली सॉस के नमूने लेकर खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। खाद्य विभाग ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराधा कुशवाहा, धीरज कुमार दीक्षित, सिद्धार्थ कुमार, दिनेश चन्द्र एवं देवेश कुमार मिश्रा शामिल रहे।
