डीएम को ज्ञापन देने जाते भाकियू टिकैत गुट के पदाधिकारी।
– डीएम को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। विजयीपुर क्षेत्र में गंदे पानी की समस्या और विकास कार्यों की अनदेखी से परेशान किसानों ने मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के बैनर तले जिलाधिकारी से मुलाकात कर विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई। जिला संगठन मंत्री धनंजय सिंह के नेतृत्व में किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की नहर, नाला, सड़क, जल निकासी, पुलिया निर्माण, पेयजल व्यवस्था और खाद उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं को तत्काल दूर कराने की मांग की।
किसानों ने अधिशासी अभियंता प्रखंड निचली गंगा नहर को दिए गए ज्ञापन में निहालपुर से गनही तक नाले की सफाई एवं खुदाई कराने, चैली से कहरिया स्थित शीतला माता मंदिर तालाब तक नाले का निर्माण कराने, ग्राम कठरिया में क्षतिग्रस्त पुलिया का पुनर्निर्माण कराने तथा तक्कीपुर क्षेत्र में नहर के समीप नई पुलिया का निर्माण कराए जाने की मांग रखी। इसके अलावा पौली से छीपनपुरवा (गढ़वा) होते हुए नक्कीपुर तक कहरिया माइनर के किनारे डामर सड़क निर्माण कराने की भी मांग की गई। जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में ग्राम सभा बरैची, ब्लॉक विजयीपुर की गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। किसानों का कहना था कि गांव में तालाब न होने के कारण जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे गंदा पानी गांव में जमा रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है तथा ग्रामीणों को संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है। किसानों ने गांव में तीन नए रिबोर कराए जाने, जर्जर हो चुकी आरसीसी सड़क के पुनर्निर्माण तथा किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की भी मांग की। पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस दौरान भाकियू के युवा ब्लॉक अध्यक्ष भगत सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।
