फोटो परिचय-  साहू भवन में गांधी जयंती कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक करते समाज के लोग।

– साहू भवन से शुरू होकर प्रेक्षागृह तक जाएगी यात्रा

– सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव का दिया जाएगा संदेश

– बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय कर पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर साहू समाज की ओर से शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम को लेकर लोधीगंज स्थित साहू भवन में समाज के लोगों की बैठक हुई, जिसमें यात्रा के मार्ग से लेकर व्यवस्थाओं और सहभागिता तक की रूपरेखा तैयार की गई। समाज के पदाधिकारियों ने गांधी जी के विचारों को आमजन तक पहुंचाने के लिए अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता रामनरेश साहू ने की, जबकि संचालन डॉ. एसके साहू ने किया। सर्वसम्मति से तय किया गया कि दो अक्टूबर को सुबह 10 बजे साहू भवन लोधीगंज से गांधी शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। दोपहिया और चार पहिया वाहनों के साथ निकलने वाली यात्रा बाकरगंज, सदर अस्पताल और पत्थरकटा चौराहा होते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह पहुंचेगी।

पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि एवं समाजसेवी राजू साहू ने कहा कि महात्मा गांधी का पूरा जीवन सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के साथ समाज को जोड़ने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी सामाजिक जीवन में प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती पर आयोजित होने वाली शोभायात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को गांधी के विचारों से जोड़ने का माध्यम भी बनेगी।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शोभायात्रा के माध्यम से समाज में भाईचारा, सामाजिक एकता, स्वच्छता और अहिंसा का संदेश प्रसारित किया जाएगा। साथ ही लोगों से गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया जाएगा। समाज के लोगों ने यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए समाज के पदाधिकारियों ने अलग-अलग जिम्मेदारियां निर्धारित कीं। बैठक में किसान नेता प्रमोद साहू, डॉ. बीके साहू, राजेश गांधी, माताबदल साहू, दयावती साहू, वीरेंद्र साहू फौजी, श्रीराम साहू, अश्वनी साहू, लल्लू राम साहू सहित समाज के वरिष्ठ लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now