चेहल्लुम जुलूस के दौरान ड्रोन से निगरानी करती पुलिस।
– संवेदनशील क्षेत्रों व जुलूस मार्गों की हो रही निगरानी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में थाना कोतवाली क्षेत्र से निकल रहे विभिन्न चेहल्लुम जुलूसों की ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।
पुलिस द्वारा जुलूस मार्गों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, मिश्रित आबादी वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों की हवाई निगरानी की जा रही है। ड्रोन कैमरों के जरिए मिल रही लाइव जानकारी के आधार पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जुलूसों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉम्र्स पर भी लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट अथवा सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थलों पर निरंतर निगरानी बनाए रखने तथा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं।
