CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय छात्रावासों में शैक्षिक सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक छात्र-छात्राएं 30 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन कर आवश्यक अभिलेख संबंधित छात्रावास में जमा कराने की अपील की है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद के राजकीय अनुसूचित जाति महिला छात्रावास सदर, राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास सदर, राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास (बालक) खागा तथा राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास (बालक) अढ़ौली में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। इन छात्रावासों में दशमोत्तर कक्षाओं में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे छात्र-छात्राएं प्रवेश के पात्र होंगे, जो समाज कल्याण विभाग अथवा कल्याण सेक्टर के अन्य विभागों की छात्रवृत्ति योजना के लिए पात्र हैं। पूर्व में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित थी, जिसे संशोधित कर 30 जुलाई कर दिया गया है। अभ्यर्थी निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ 30 जुलाई तक संबंधित छात्रावास में जमा कर सकते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पात्र छात्र-छात्राओं से अंतिम तिथि का लाभ उठाते हुए समय पर आवेदन करने की अपील की है।
