फोटो परिचय- जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर डीएम को प्रार्थना पत्र देने पहुंचीं ग्रामीण महिलाएं।
– कंचनपुरवा में 15 परिवारों का रास्ते से निकलना हुआ दूभर, स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी
– बिजली के खंभे से पानी में उतरा करंट, हादसे के बाद भी जिम्मेदारों ने नहीं लिया सबक
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। गाजीपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुरवा गांव में बदहाल जलनिकासी व्यवस्था ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। घरों के सामने कच्चे रास्ते पर लंबे समय से पानी जमा होने के कारण करीब 15 परिवारों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। समस्या से आजिज महिलाओं ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई और स्थायी समाधान की मांग उठाई।
ग्रामीण महिलाओं कल्पना, रीता देवी, श्यामकली, मैना देवी और सूरजकली का आरोप है कि गांव में नालियों की समुचित व्यवस्था न होने से घरों का गंदा पानी रास्ते पर ही एकत्र होता रहता है। कीचड़ और गंदगी के बीच से होकर लोगों को आवागमन करना पड़ता है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों को होती है, जिन्हें इसी रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। वहीं, जलभराव के चलते संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
महिलाओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर सात फरवरी को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में भी शिकायत की गई थी। उस समय ग्राम प्रधान ने जेसीबी से खुदाई कराकर पानी निकलवाने की व्यवस्था कराई थी, लेकिन बाद में नाली बंद कर दिए जाने से स्थिति फिर पहले जैसी हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि अब समस्या के समाधान की जिम्मेदारी अगले ग्राम प्रधान पर डाल दी गई है।
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि करीब एक सप्ताह पहले बिजली के खंभे से करंट पानी में उतर आया था। ग्रामीणों के मुताबिक, इसकी चपेट में आकर कई लोग चोटिल भी हुए। इसके बावजूद जलभराव और बिजली के खतरे से बचाव के लिए कोई स्थायी कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
महिलाओं ने जिलाधिकारी से मामले का स्थलीय निरीक्षण कराकर जलनिकासी के लिए पक्की नाली बनवाने, क्षतिग्रस्त रास्ते का निर्माण कराने और सड़क का ऊंचीकरण कराने की मांग की है, ताकि 15 परिवारों को रोजाना की परेशानी से राहत मिल सके।
