तिराहे पर बेतरतीब खड़े ई-रिक्शा।
– राहगीर व यात्री होते परेशान, कार्रवाई की उठी मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर के सबसे व्यस्त चैराहों में शुमार ज्वालागंज चैराहा इन दिनों ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के चलते गंभीर यातायात समस्या का सामना कर रहा है। सड़क पर बेतरतीब ढंग से ई-रिक्शा खड़े कर सवारियां भरने के कारण सुबह से देर शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ज्वालागंज चौराहा शहर का प्रमुख यातायात केंद्र है, जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक सड़क के बीच और किनारों पर वाहन खड़े कर सवारियां बैठाने और उतारने लगते हैं। इससे यातायात की रफ्तार थम जाती है और कुछ ही मिनटों में लंबा जाम लग जाता है। व्यापारियों का कहना है कि जाम की वजह से ग्राहकों को भी बाजार तक पहुंचने में कठिनाई होती है। वहीं कई बार एंबुलेंस, स्कूली वाहन और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है। राहगीरों के अनुसार, कई ई-रिक्शा चालक बिना किसी संकेत के अचानक सड़क पर वाहन रोक देते हैं, जिससे पीछे चल रहे वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगानी पड़ती है। इससे आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और कई बार मामूली हादसे भी हो चुके हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि यदि नियमित अभियान चलाकर अवैध रूप से सड़क पर खड़े होने वाले ई-रिक्शाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनके लिए निर्धारित स्टैंड सुनिश्चित किए जाएं, तो जाम की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। शहरवासियों ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक से ज्वालागंज चौराहे पर विशेष यातायात अभियान चलाने की मांग करते हुए कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now