नव नामांकित बच्चों को उपहार देकर उत्साह बढ़ाती डीएम निधि गुप्ता वत्स।
– स्कूल चलो अभियान की स्कूटी रैली को दिखाई झण्डी
– उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित, नव नामांकित बच्चों को उपहार देकर बढ़ाया उत्साह
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में शिक्षा की अलख जगाने और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने स्कूटी जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल शिक्षक-शिक्षिकाओं ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अभिभावकों को बच्चों का नामांकन कराने के लिए जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि स्कूल चलो अभियान पर बनाई गई आकर्षक रंगोली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि शिक्षा ही विकास की सबसे मजबूत नींव है और यह सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है कि जिले का कोई भी बच्चा विद्यालय जाने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में कायाकल्प योजना के तहत आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और अब शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करें तथा लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाई ही नहीं कराते, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और अच्छे नागरिक बनने के गुण भी विकसित करते हैं। शिक्षित बच्चा न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज और देश के विकास का आधार बनता है। मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के साथ बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिन्सी मौर्या ने कहा कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग पूरी टीम भावना के साथ अभियान को सफल बनाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विकास खंड में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले शिक्षकों को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं नव नामांकित बच्चों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
