– बड़ौरी टोल प्लाजा के निकट वाहनों की जांच करते समय हुआ हादसा

– गंभीर हालत में कानपुर के हैलट अस्पताल में कराया गया था भर्ती, चालक हिरासत में

CITY NEWS FATEHPUR

बिंदकी, फतेहपुर(CNF)। सड़क पर यातायात नियमों के पालन और वाहनों की जांच में जुटे परिवहन विभाग के एक प्रवर्तन सिपाही की ड्यूटी के दौरान दर्दनाक हादसे में जान चली गई। कानपुर-प्रयागराज मार्ग पर बड़ौरी टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल सिपाही ने करीब 12 घंटे तक जिंदगी के लिए संघर्ष किया। शनिवार दोपहर कानपुर स्थित हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात कल्यानपुर थाना क्षेत्र में बड़ौरी टोल प्लाजा के समीप परिवहन विभाग की टीम एआरटीओ संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष कवच अभियान के तहत वाहनों की जांच कर रही थी। अभियान के दौरान बसों में पाई जाने वाली अनियमितताओं की पड़ताल की जा रही थी। टीम में प्रवर्तन सिपाही सुरेंद्र सिंह, रामनाथ तिवारी और सरकारी वाहन चालक भवनीत सिंह शामिल थे।

इसी दौरान रात करीब साढ़े दस बजे फतेहपुर की ओर से आ रहे कंटेनर ट्रक ने जांच में लगे प्रवर्तन सिपाही रामनाथ तिवारी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए भेजा गया।

कल्यानपुर थाना पुलिस ने घायल सिपाही को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें कानपुर के एलएलआर अस्पताल (हैलट) रेफर कर दिया। वहां उपचार के बावजूद शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

उधर, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंटेनर को कब्जे में ले लिया है। वाहन चालक की पहचान प्रयागराज जिले के मऊआइमा निवासी मोहम्मद मुस्लिम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now