स्थानांतरित एडीएम को बुके देकर विदा करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
– कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) के पद पर तैनात रहे डॉ. अविनाश त्रिपाठी के स्थानांतरण पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने की। जिले के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने डॉ. अविनाश त्रिपाठी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने लगभग ढाई वर्ष के कार्यकाल में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनपद की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली हमेशा प्रेरणादायी रहेगी। अपने संबोधन में डॉ. अविनाश त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी प्रशासनिक कार्य की सफलता टीम भावना और सभी के सहयोग से ही संभव होती है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि फतेहपुर में बिताया गया समय उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए और भावभीनी शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में डॉ. त्रिपाठी को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। बताया गया कि डॉ. अविनाश त्रिपाठी का कार्यकाल जनपद में लगभग 02 वर्ष 06 माह का रहा और अब उनका स्थानांतरण जनपद बरेली के लिए किया गया है।
