बारिश से बचने के लिए छतरी लगाए स्कूली छात्र।
– बदला मौसम का मिजाज, बच्चों ने फुहारों में की मस्ती, किसानों के चेहरे खिले
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। सुबह से ही आसमान काले बादलों से घिरा रहा और दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। लगातार हो रही वर्षा से मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया और पिछले कई दिनों से उमस व गर्मी से बेहाल लोगों को बड़ी राहत मिली।
बारिश के चलते शहर की सड़कों पर सुबह से ही पानी बहता नजर आया। कई स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा भीड़ कम रही। ठंडी हवाओं और फुहारों ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। स्कूल पहुंचे बच्चों ने भी बारिश का भरपूर आनंद लिया। छुट्टी के समय कई बच्चे फुहारों में भीगते हुए घर लौटे तो कुछ ने बारिश के बीच खेलकर मौसम का लुत्फ उठाया। शहर के पार्कों और गलियों में भी बच्चों की बारिश वाली मस्ती देखने को मिली। लगातार हो रही बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। कृषि जानकारों के अनुसार धान, मक्का, तिल, उड़द और अन्य खरीफ फसलों के लिए यह वर्षा बेहद लाभदायक साबित होगी। खेतों में पर्याप्त नमी बनने से सिंचाई की जरूरत कम होगी और फसलों की बढ़वार बेहतर होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले 24 घंटे तक बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और आवश्यकता होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। लगातार तीसरे दिन हुई बारिश ने जहां मौसम को खुशनुमा बना दिया, वहीं किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह संतुलित वर्षा होती रही तो खरीफ फसलों के लिए यह मौसम काफी लाभदायक साबित होगा।
