– बंधवा-ललौली मार्ग पर अंग्रेजी शराब ठेके के पास हुआ भीषण हादसा
– घर लौटने के बाद दोस्त के साथ निकला था आदित्य, अज्ञात चालक की तलाश में जुटी पुलिस
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ललौली थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। बंधवा-ललौली मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार अढावल गांव निवासी आदित्य गुप्ता (पुत्र सज्जन गुप्ता) गुरुवार को ही बाहर से घर लौटा था। देर रात वह अपने साथी जयकरन पुत्र रामकृपाल निषाद निवासी भोलिया डेरा, मजरे कोर्रा कनक के साथ बाइक से खाना खाने के लिए बाबा होटल जा रहा था। दोनों ललौली से बंधवा की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान अंग्रेजी शराब ठेके के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से दोनों को गाजीपुर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं जयकरन की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजनों ने उसे बेहतर इलाज के लिए माया हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
उधर, जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही आदित्य के घर में चीख-पुकार मच गई। पिता सज्जन गुप्ता गांव में गल्ला खरीदने का कारोबार करते हैं। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। आदित्य दो भाइयों में छोटा था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर पहुंची ललौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस दुर्घटना की जांच करने के साथ फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है।
