पुलिस टीम की गिरफ्त में बकरी चोर गिरोह के सदस्य।
– तीन शातिर दबोचे; चार बकरियां व ई-रिक्शा बरामद
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले के थरियांव थाना क्षेत्र में घर के बाहर बंधी चार बकरियां चोरी होने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने बकरी चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी की चारों बकरियां व घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। गिरोह का एक अन्य सदस्य मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम केशवपुर निवासी रमेश पुत्र स्वर्गीय बुधराज ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि एक और दो मई की दरम्यानी रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात चोर उनके घर के बाहर दरवाजे पर बंधी चार बकरियां चोरी कर ले गए। मामले में थाना थरियांव में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी थरियांव के पर्यवेक्षण में थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार देर रात परदेशी ढाबा एकारी से करीब पांच सौ मीटर आगे सर्विस रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान सिल्वर रंग का एक ई-रिक्शा आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देख उसमें सवार चार लोग वाहन छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर तीन आरोपितों को दबोच लिया, जबकि एक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपितों में अरबपुर निवासी यासीन पुत्र रसीद, अरबपुर मजरे पीरनपुर निवासी फैजान पुत्र स्वर्गीय खुर्शीद, पूर्वी पनी निवासी रियाज पुत्र नबाब शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई चारों बकरियां बरामद कर ली गईं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

दिन में करते थे रेकी, रात में करते थे चोरी

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने चैंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे अपने साथी निहाल पुत्र सैफी के साथ मिलकर गांव-गांव फेरी लगाने के बहाने दिन में घूमते थे और जिन घरों के बाहर बकरियां बंधी दिखती थीं, उन्हें चिन्हित कर लेते थे। रात होते ही ई-रिक्शा लेकर पहुंचते और बकरियां चोरी कर बाजार में बेच देते थे। इसी से गिरोह अपना खर्च चलाता था। पुलिस के मुताबिक बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

आरोपितों पर पहले से भी दर्ज हैं मुकदमे

गिरफ्तार आरोपित यासीन पर पूर्व में भी कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now