– नवीनीकरण छात्रों को 15 अक्टूबर तक जमा करनी होगी हार्डकॉपी

– नए विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत कक्षा 12 के बाद उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र छात्र-छात्राओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शिवेंद्र कुमार ने बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थी योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। नवीनीकरण श्रेणी के विद्यार्थियों को 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसकी हार्डकॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी।

शिक्षण संस्थानों को 25 अक्टूबर तक विद्यार्थियों का बायोमीट्रिक सत्यापन, प्राप्तांक, पूर्णांक और उपस्थिति से संबंधित विवरण दर्ज करते हुए पात्र आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें ऑनलाइन अग्रसारित करना होगा।

वहीं, नए विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। आवेदन का अंतिम प्रिंट दो नवंबर तक निकाला जा सकेगा। इसके बाद आवश्यक अभिलेखों के साथ हार्डकॉपी चार नवंबर तक संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी।

शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों के आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण की प्रक्रिया 10 नवंबर तक पूरी करनी होगी। विभाग ने विद्यार्थियों और संस्थानों से निर्धारित समयसीमा का पालन करने की अपील की है, ताकि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now