फोटो परिचय- धाता इंटर कॉलेज में कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान मुकाबला करते खिलाड़ी।

– महिला सीनियर और जूनियर वर्ग में धाता की टीमों ने हासिल की जीत

– पुरुष वर्ग में भी धाता ने प्रतिद्वंद्वियों को दी मात, ऐरायां सब-जूनियर में विजेता

CITY NEWS FATEHPUR

धाता, फतेहपुर(CNF)। धाता इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर मंगलवार को आयोजित तहसील स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महिला और पुरुष वर्ग के विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैदान पर दमदार रेड और शानदार डिफेंस ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

प्रतियोगिता के महिला सीनियर वर्ग में धाता की टीम ने विजयीपुर को हराकर खिताब अपने नाम किया। जूनियर वर्ग में भी धाता की टीम का दबदबा कायम रहा और उसने हथगाम की टीम को शिकस्त दी। सब-जूनियर वर्ग में ऐरायां की एकमात्र टीम के प्रतिभाग करने के कारण उसे विजेता घोषित किया गया।

पुरुष वर्ग के मुकाबले में धाता ने ऐरायां की टीम को पराजित कर जीत दर्ज की। पुरुष जूनियर वर्ग में भी धाता के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए ऐरायां को मात दी। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ मुकाबले खेले।

प्रतियोगिता में विजेता रहने वाली टीमें एक अक्तूबर को असोथर में आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में तहसील का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस उपलब्धि के बाद विजेता खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में जिला क्रीड़ा सचिव भोला सिंह, चारों ब्लॉकों के क्रीड़ा सचिव, शिक्षक, छात्र-छात्राएं सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रधानाचार्य रामलखन सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। नियमित खेलकूद से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now