पुलिस टीम की गिरफ्त में आरोपी।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ललौली कस्बे में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली पोस्ट साझा करना दो युवकों को भारी पड़ गया। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और महज कुछ घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विवादित पोस्ट वायरल करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिए हैं। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार थाना ललौली में एक व्यक्ति द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया कि 18 मई को मोबाइल फोन चलाने के दौरान उसने देखा कि कस्बा ललौली निवासी जैनुल आबदीन ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर बकरीद की कुर्बानी से संबंधित एक विवादित पोस्ट साझा की थी। शिकायतकर्ता ने उक्त पोस्ट को धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर थाना ललौली में मु0अ0सं0 137/2026 धारा 299 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना ललौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मो. गुफरान खान पुत्र बदरुद्दीन एवं जैनुल आबदीन पुत्र स्व. लियाकत हुसैन निवासीगण कस्बा ललौली थाना ललौली शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार विवादित पोस्ट से संबंधित दो मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि थाना ललौली पर एक प्रकरण संज्ञान में आया था, जिसमें बकरीद से संबंधित एक पोस्टर में विवादित कंटेंट पोस्ट किया गया था। इससे एक समुदाय विशेष की भावनाएं आहत हुई थीं। इस संबंध में तत्काल सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। उन्होंने आमजन से सोशल मीडिया पर संयम और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now