– पांच प्रतिष्ठानों पर पहुंची टीम, घी से लेकर व्रत के आटे तक के नमूने भरे

– कुट्टू-सिंघाड़े के आटे की गुणवत्ता पर निगरानी, दुकानदारों को दिए सख्त निर्देश

CITY NEWS FATEHPUR

 फतेहपुर(CNF)। शारदीय नवरात्रि में व्रत के खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ निगरानी तेज कर दी है। गुरुवार को विभागीय टीम ने जिले के अलग-अलग बाजारों में प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर घी, किशमिश, कुट्टू और सिंघाड़े के आटे समेत पांच खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

जिलाधिकारी के निर्देश और सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा के निर्देशन में चले अभियान के दौरान बिंदकी के मुरारी लाल ट्रेडर्स से रोहित अग्रवाल के प्रतिष्ठान पर घी का नमूना लिया गया। इसके अलावा जहानाबाद स्थित सीताराम किराना से किशमिश तथा बिंदकी के राज मिल्क प्रोडक्ट से घी का नमूना संकलित किया गया।

टीम ने रिलायंस एस मार्ट से कुट्टू के आटे और बिलिंकिट प्राइवेट लिमिटेड से सिंघाड़े के आटे का नमूना भी लिया। विभागीय अधिकारियों ने खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित भंडारण व्यवस्था की भी पड़ताल की।

खुले कुट्टू के आटे की बिक्री नहीं मिली

अभियान के दौरान टीम को बाजार में खुले अथवा लूज कुट्टू के आटे की बिक्री होती नहीं मिली। इसके बावजूद अधिकारियों ने नवरात्रि के दौरान खुले में बिकने वाले कुट्टू के आटे की खरीदारी से लोगों को बचने की सलाह दी। अधिकारियों ने कहा कि व्रत के दौरान इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की खरीदारी करते समय पैकिंग, गुणवत्ता और निर्माण संबंधी जानकारी अवश्य जांची जाए।

खाद्य विभाग की टीम ने दुकानदारों और ग्राहकों को मिलावटी तथा खुले खाद्य पदार्थों से होने वाले संभावित नुकसान के प्रति जागरूक किया। खाद्य कारोबारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नवरात्रि के दौरान मांग बढ़ने के बावजूद गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों से किसी तरह का समझौता न किया जाए।

अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी धीरज कुमार दीक्षित, देवेश मिश्रा, सिद्धार्थ कुमार और दिनेश चन्द्र शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now