– पशुपालकों व किसानों से मांगे गए आवेदन
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद के पशुपालकों, किसानों, गौशालाओं एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए अच्छी खबर है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश चारा विकास नीति के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य योजना के अंतर्गत नैपियर घास की जड़ें (रूट स्लिप) निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
योजना के अंतर्गत जनपद को 10 लाभार्थियों तथा 2 हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इसके तहत पंजीकृत गौशालाओं, गौआश्रय स्थलों, इच्छुक कृषकों, पशुपालकों, गैर सरकारी संस्थाओं (एनजीओ), एफपीओ तथा स्वयं सहायता समूहों को हरा चारा उत्पादन के लिए नैपियर घास की रूट स्लिप निःशुल्क प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ उन्हीं आवेदकों को मिलेगा जिनके पास न्यूनतम 0.2 हेक्टेयर सिंचित भूमि उपलब्ध हो। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति परिवारों तथा महिला मुखिया वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा नन्द बाबा दुग्ध मिशन एवं अन्य सहभागिता योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों, अस्थायी एवं वृहद गौआश्रय स्थलों का संचालन कर रही स्वयं सहायता समूहों और एनजीओ को सर्वाेच्च प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को प्रथम वर्ष में नैपियर घास की गांठें एवं जड़ें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही नैपियर सीड बैंक तैयार करने के उद्देश्य से लाभार्थियों से सहमति पत्र लिया जाएगा, जिसके अनुसार आगामी वर्षों में उन्हें प्राप्त रूट स्लिप के सापेक्ष दोगुनी संख्या में नैपियर गांठें अथवा जड़ें विभाग को निःशुल्क उपलब्ध करानी होंगी। आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र, खसरा-खतौनी तथा बैंक खाते का विवरण स्वप्रमाणित प्रति के रूप में संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन संबंधित क्षेत्र के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अथवा पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि लाभार्थियों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक किसान एवं पशुपालक शीघ्र आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now