फोटो परिचय- सड़क पर बैठकर विरोध कर रही महिला को समझाते पुलिसकर्मी।
– हाथ में ईंट लेकर सड़क पर बैठी महिला, अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़ी
– जोनिहां-फतेहपुर मार्ग पर करीब एक घंटे ठप रहा आवागमन, वाहनों की लगी कतार
– पुलिस के समझाने पर शांत हुई महिला, चौकी ले जाकर दोनों पक्षों से जुटाई गई जानकारी
CITY NEWS FATEHPUR
अमौली, फतेहपुर(CNF)। चांदपुर थाना क्षेत्र के अमौली कस्बे में शनिवार को मकान निर्माण को लेकर चल रहा विवाद सड़क तक पहुंच गया। निर्माण कार्य रोके जाने से नाराज महिला ने परिजनों के साथ जोनिहां-फतेहपुर मार्ग पर पहुंचकर जाम लगा दिया। महिला हाथ में ईंट लेकर सड़क पर बैठ गई और मौके पर उच्चाधिकारियों को बुलाकर मामले का समाधान कराने की मांग करने लगी। उसके तेवर देखकर मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
अमौली निवासी पूजा पुत्री बातूनी महापात्र का कहना है कि उसका मकान अभी अधूरा है। आरोप है कि पड़ोसी साहब सिंह गौतम की आपत्ति के बाद निर्माण कार्य रुकवा दिया जाता है। महिला के मुताबिक बारिश के मौसम में परिवार को परेशानी हो रही है, इसलिए वह मकान का निर्माण पूरा कराना चाहती है, लेकिन हर बार शिकायत के बाद काम बंद करा दिया जाता है।
शनिवार को इसी बात से नाराज होकर पूजा करीब आधा दर्जन महिलाओं के साथ सड़क पर पहुंच गई। सभी ने रास्ते में बैठकर विरोध शुरू कर दिया। महिला का कहना था कि जब तक जिलाधिकारी या कोई सक्षम अधिकारी मौके पर पहुंचकर निर्माण स्थल का निरीक्षण नहीं करता, तब तक वह सड़क से नहीं हटेगी। विरोध के दौरान उसने हाथ में ईंट उठा ली और मांग पूरी न होने पर खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी।
जाम लगते ही जोनिहां-फतेहपुर मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को करीब एक घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना मिलने पर अमौली चौकी इंचार्ज अविनाश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने महिला और उसके साथ मौजूद लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।
काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद महिला ने हाथ में पकड़ी ईंट सड़क पर रख दी और जाम समाप्त करने पर सहमत हो गई। पुलिस ने संबंधित महिलाओं को चौकी ले जाकर मामले की जानकारी ली। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस के अनुसार मकान निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति सामने आई है। प्रकरण से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
