फोटो परिचय-  पीईटी परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स एवं एसपी अभिमन्यु मांगलिक।

– पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सुरक्षा से लेकर मूलभूत सुविधाओं का लिया जायजा

– नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए सख्त निर्देश

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को सकुशल और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर निगरानी बढ़ा दी। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने केंद्र पर सुरक्षा प्रबंधों के साथ सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और बिजली आपूर्ति की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने केंद्र व्यवस्थापक और ड्यूटी में लगे कर्मचारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्मिक निर्धारित नियमों और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

वहीं एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिसकर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्र के आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया कि परीक्षा की पवित्रता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा। जनपद के सभी केंद्रों पर प्रशासन और पुलिस की निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now