परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण कर बाहर आतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व साथ में एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– डीएम-एसपी ने परीक्षा केन्द्र की परखी सुरक्षा व्यवस्था
– सीसीटीवी, स्ट्रांग रूम व सुरक्षा इंतजामों की ली क्लास
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। सोमवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने परीक्षा केंद्रों पर अचानक पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया, जिससे केंद्र व्यवस्थापकों में भी सतर्कता बढ़ गई।
डीएम और एसपी ने पॉलीटेक्निक कॉलेज एवं राजकीय इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण कर परीक्षा संचालन की पूरी व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, स्ट्रांग रूम तथा सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग, परीक्षार्थियों की सघन जांच, प्रवेश प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से देखा गया। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि परीक्षा केंद्रों पर शासन की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन हो रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और नकलविहीन माहौल में संपन्न हुई। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की लगातार निगरानी के चलते परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह सुचारु रही और कहीं से किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now