– कार्यशैली में लापरवाही और अपराध नियंत्रण में निष्क्रियता पर एसपी ने की कार्रवाई
– दो निरीक्षकों को थानों की कमान, दो दरोगाओं को पुलिस लाइन भेजा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग में सुधार लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने विभागीय स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। कार्यों में अपेक्षित सक्रियता न दिखाने और अपराध नियंत्रण में लापरवाही के आरोपों के बीच जारी इस आदेश से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
एसपी की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश के तहत निरीक्षक श्रवण कुमार सिंह को मॉनीटरिंग सेल के प्रभारी पद से हटाकर थाना सुल्तानपुर घोष का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं निरीक्षक दुर्गेश प्रसाद गुप्ता को सूचना सेल से हटाकर थाना ललौली का प्रभारी बनाया गया है।
वहीं दूसरी ओर थाना ललौली के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक दिवाकर सिंह और दतौली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रोहित कुमार को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेज दिया गया है। दो उपनिरीक्षकों को लाइन हाजिर किए जाने की कार्रवाई को विभागीय कार्यशैली में सुधार और जवाबदेही तय करने के कदम के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के इस फैसले के बाद महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
