फोटो परिचय- छात्रा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करतीं धाता नगर पंचायत अध्यक्ष।
– महिला महाविद्यालय में ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान और मिशन शक्ति के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी व सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि धाता नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज रहीं। सेवा संकल्प अभियान के तहत मेरे सपनों का भारत विषय पर आयोजित प्रतियोगिताओं में जनपद के विभिन्न राजकीय, अनुदानित एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के 110 विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि ने प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। महाविद्यालय स्तर पर आयोजित स्वच्छता, वृक्षारोपण, भाषण, पोस्टर, रील मेकिंग और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव ने प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया। इस दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों के छायाचित्र और वीडियो भी प्रदर्शित किए गए, जिनकी मुख्य अतिथि ने सराहना की। कार्यक्रम के दूसरे चरण में मिशन शक्ति के तहत साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। साइबर क्राइम सेल प्रभारी विद्या यादव और उनकी टीम ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा फर्जी कॉल के माध्यम से होने वाले अपराधों की जानकारी दी। समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्राओं में तकनीकी जागरूकता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
