फ्लोर मिल पर जांच-पड़ताल करती खाद्य विभाग की टीम।
– नौ मिलों का निरीक्षण, मिलावट नहीं मिली, रिपोर्ट आने पर होगी विधिक कार्रवाई
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को फ्लोर मिलों पर विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न फ्लोर मिलों का निरीक्षण कर आटे के नमूने संग्रहित किए गए। प्राथमिक जांच में आटे में सैलखड़ी या सफेद पत्थर के पाउडर जैसी किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं मिली, हालांकि गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर पांच नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त व जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम ने मलवां इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मारूफ इंटरप्राइजेज, आदित्य फ्लोर मिल तथा शक्तिमान फ्लोर मिल एवं शिव शक्ति फ्लोर मिल सहित जिले की कुल नौ फ्लोर मिलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित संचालकों को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए तथा जहां आवश्यक था, वहां तत्काल सुधार भी कराया गया। विभागीय टीम ने गुणवत्ता की पुष्टि के लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल पांच आटे के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मानकों के विपरीत गुणवत्ता या अन्य अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, दिनेश चंद्र, धीरज कुमार दीक्षित, अनुराधा कुशवाह एवं देवेश मिश्रा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now