फोटो परिचय-  बारिश के बाद खेत में जमीन पर गिरी धान की फसल।

– लगातार बरसात से पकने की कगार पर पहुंची फसल को नुकसान की आशंका

– जलभराव और तेज हवाओं ने बढ़ाई किसानों की परेशानी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। मौसम के बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले में पिछले करीब 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर खेतों में खड़ी धान की फसल धराशायी हो गई। बालियां निकलने के बाद दाने भरने के दौर में पहुंची फसल के गिरने से किसानों को उत्पादन और गुणवत्ता प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है।

कई ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों का नजारा बदल गया है। कुछ दिन पहले तक जो धान के पौधे खेतों में सीधे खड़े दिखाई दे रहे थे, वही अब बारिश और हवा के दबाव से जमीन पर लेट गए हैं। किसानों का कहना है कि इस समय फसल को अतिरिक्त देखभाल की जरूरत थी, लेकिन लगातार पानी बरसने से खेतों में काम करना भी मुश्किल हो गया है। गिरी हुई फसल की कटाई में अतिरिक्त श्रम लगने के साथ दाने खराब होने का खतरा भी बना हुआ है।

बारिश का असर धान तक सीमित नहीं है। सब्जी की खेती करने वाले किसानों के खेतों में पानी जमा होने से गोभी समेत दूसरी फसलों पर भी संकट मंडराने लगा है। वहीं केला, गन्ना और हल्दी की खेती करने वाले किसान भी मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। जलभराव अधिक समय तक रहने पर फसलों की जड़ों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

किसानों के मुताबिक एक फसल तैयार करने में बीज, खाद, सिंचाई, मजदूरी समेत काफी खर्च होता है। ऐसे में तैयार फसल के गिरने से होने वाला नुकसान उनके लिए आर्थिक झटका बन सकता है। किसानों की निगाह अब बारिश थमने और खेतों से पानी निकलने पर टिकी है। मौसम इसी तरह बना रहा तो खेतों में खड़ी तथा जमीन पर गिरी फसलों को और नुकसान पहुंचने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now