शिकायत निस्तारण के बाद भी गड्डायुक्त मार्ग पर जलभराव का दृश्य।
– पीडब्ल्यूडी पर उठे सवाल, संपर्क मार्ग की हालत जस की तस
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मुख्यमंत्री जनसुनवाई (आईजीआरएस) पोर्टल पर रामपुर बंबा पुल से इब्राहिमपुर संपर्क मार्ग की बदहाली को लेकर दर्ज शिकायत के निस्तारण पर सवाल खड़े हो गए हैं। शिकायतकर्ता ने लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-2 पर बिना मौके का निरीक्षण किए और बिना शिकायतकर्ता से संपर्क किए ही शिकायत निस्तारित करने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार विभागीय आख्या में लिखा गया है कि अवर अभियंता ने शिकायतकर्ता को अवगत करा दिया, जबकि न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही फोन पर संपर्क किया गया। करीब एक किलोमीटर जर्जर मार्ग पर गिट्टी-बजरी फैली होने से रामपुर, लक्ष्मणपुर, इब्राहिमपुर समेत कई गांवों के लोगों को परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ता ने सड़क का तत्काल स्थलीय निरीक्षण, मरम्मत और कथित भ्रामक आख्या की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले में अब सवाल उठ रहा है कि जनसुनवाई में समस्याओं का समाधान धरातल पर हो रहा है या सिर्फ कागजों में? इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now