पत्रकारों से वार्ता करते ललिता गैस एजेंसी के संचालक सुरेश चन्द्र।
– 1.25 लाख की कथित लूट समेत तीन शिकायतों को बताया मनगढ़ंत
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सदर कोतवाली क्षेत्र के पनी मुहल्ला निवासी एवं ललिता गैस एजेंसी के संचालक सुरेश चंद्र पुत्र दर्शनलाल ने भुइयां देवी मंदिर ट्रस्ट को लेकर बड़ा आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग स्वयं को भुइयां देवी मंदिर का मुख्य ट्रस्टी बताकर फर्जी ट्रस्ट के नाम पर उनके खिलाफ सुनियोजित षड्यंत्र रच रहे हैं और झूठी शिकायतें देकर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
सुरेश चंद्र के अनुसार उनके विरुद्ध एक मार्च, तीस अप्रैल और पंद्रह जुलाई को फर्जी ट्रस्ट के लेटरपैड पर मनगढ़ंत तथ्यों के आधार पर शिकायतें भेजी गईं। उनका कहना है कि इन शिकायतों का उद्देश्य उन्हें झूठे मामलों में फंसाना और समाज में उनकी छवि खराब करना है। शिकायती पत्र में उन्होंने बताया कि वह एक सम्मानित व्यापारी हैं, ललिता गैस एजेंसी का संचालन करते हैं। कई सामाजिक संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उनका कोई भी आपराधिक इतिहास नहीं है। वर्ष 2022 से पेट के कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के चलते वह रीजेंसी हॉस्पिटल कानपुर में उपचाराधीन हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 30 अप्रैल को वह भुइयां देवी मंदिर गए ही नहीं थे। ऐसे में उनके ऊपर लगाए गए 1.25 लाख की कथित लूट सहित सभी आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं। सुरेश चंद्र ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि फर्जी ट्रस्ट और फर्जी लेटरपैड के जरिए लोगों को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दूध का दूध, पानी का पानी हो जाए।
