filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; captureOrientation: 0; brp_mask:0; brp_del_th:null; brp_del_sen:null; delta:null; module: photo;hw-remosaic: false;touch: (-1.0, -1.0);sceneMode: 2;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;albedo: ;confidence: ;motionLevel: -1;weatherinfo: null;temperature: 40;

 पत्रकारों से बातचीत करते सपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव

— सपा जिलाध्यक्ष ने कहा, जनसमस्याओं के समाधान में प्रशासनिक तंत्र नाकाम

— किसानों, बिजली, आवास, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं को लेकर उठाए सवाल

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह यादव ने प्रदेश सरकार पर जनहित से जुड़े मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कई सवाल उठाए। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि जिले में विकास कार्यों की गुणवत्ता, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और तहसील व थानों में कामकाज को लेकर आम लोगों में असंतोष है।

सपा जिलाध्यक्ष ने शहर में चल रहे सीवर लाइन कार्य का मुद्दा उठाते हुए इसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मानकों के अनुरूप काम नहीं होने से भविष्य में शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने संबंधित कार्य की जांच कराने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने से गरीब परिवारों के सामने संकट खड़ा है। प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा दिए जाने की मांग करते हुए उन्होंने किसानों की समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि किसानों को समय पर बिजली और खाद उपलब्ध नहीं होने से खेती प्रभावित हो रही है।

सुरेंद्र प्रताप सिंह यादव ने सरकारी आवास योजना में पात्रता को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पात्र परिवार योजनाओं का लाभ पाने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, जबकि अपात्र लोगों को लाभ मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने तहसीलों और थानों में भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच कराने की मांग की।

उन्होंने अन्ना मवेशियों की समस्या, हर घर जल योजना और पेयजल व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उनका आरोप था कि कई स्थानों पर पानी की टंकियों का निर्माण अधूरा है और कुछ जगह बनी टंकियां उपयोग में नहीं आ पा रही हैं। उन्होंने योजनाओं की जमीनी जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

सपा जिलाध्यक्ष ने सरकारी भर्तियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को स्थायी अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्रियों के कुछ बयानों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि युवाओं की रोजगार संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा और किसानों के हित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, महिलाओं को 40 हजार रुपये की सहायता, बिना कार्ड इलाज की सुविधा तथा थाने और तहसील स्तर पर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने जैसे पार्टी के प्रस्तावित कार्यक्रमों का उल्लेख किया।

इस दौरान जिला महासचिव चौधरी मंज़र यार, डॉ. रामनरेश पटेल, हीरालाल निषाद, सलमान अहमद, हीरालाल, वीरेंद्र तिवारी, जिला सचिव, नगर अध्यक्ष सुहैल खान हेमू सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now