फोटो परिचय- राजनीतिक दल के जिलाध्यक्ष को मतदाता सूची की प्रति सौंपतीं जिला निर्वाचन अधिकारी।
– जिले के सभी 2318 मतदान केंद्रों पर प्रकाशित की गई प्रारूप मतदाता सूची
– 18 नवंबर से बूथों पर सूची का सार्वजनिक वाचन करेंगे बीएलओ
– 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाकर लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए नागरिकों के लिए निर्वाचन आयोग ने एक और अवसर उपलब्ध कराया है। जिले में मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को सभी 2318 मतदान केंद्रों पर प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन कर दिया गया। अब मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के साथ ही नाम बढ़वाने, गलत विवरण ठीक कराने और आवश्यक संशोधन के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकेगा।
इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूचियों की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा मतदान केंद्रों की सूची तथा पुनरीक्षण से संबंधित दिशा-निर्देश भी साझा किए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 18 नवंबर से बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर प्रारूप मतदाता सूची का सार्वजनिक रूप से वाचन करेंगे। इससे मतदाताओं को अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच करने में सहूलियत मिलेगी। सूची में किसी पात्र व्यक्ति का नाम दर्ज नहीं होने अथवा नाम, पता और अन्य जानकारियों में गलती मिलने पर निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से दावा या आपत्ति प्रस्तुत की जा सकेगी।
मतदाताओं की सुविधा के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन तिथियों पर बूथ स्तर पर निर्वाचन संबंधी गतिविधियां संचालित कर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर रहेगा। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने की अपील की, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए।
बैठक के बाद ईवीएम और वीवीपैट के प्रति लोगों की भ्रांतियां दूर करने के उद्देश्य से जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मशीनों की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन देखा। अधिकारियों ने बताया कि 20 नवंबर से जिले की सभी तहसीलों में दो-दो तथा जिला मुख्यालय पर एक प्रदर्शन केंद्र शुरू किया जाएगा। यहां आम नागरिकों को ईवीएम और वीवीपैट के संचालन तथा मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी। यह व्यवस्था निर्वाचन अधिसूचना जारी होने तक जारी रहेगी।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनय पाण्डेय, उप जिलाधिकारी सदर, उप कृषि निदेशक, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
