– सुरक्षा, अधिकार और कानूनी संरक्षण की दी जानकारी

– महिला हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार कर शिकायत दर्ज कराने के लिए किया प्रेरित

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने जिले में जागरूकता की मुहिम तेज कर दी है। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत शनिवार को जनपदव्यापी अभियान चलाकर महिलाओं, छात्राओं और ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा गांवों में पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं को महिला अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों, उनके अधिकारों और पुलिस की सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई।

अभियान के तहत ग्रामीण इलाकों में ग्राम चौपाल लगाकर पुलिसकर्मियों ने लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया। महिलाओं की समस्याएं और शिकायतें सुनने के साथ उनके समाधान का भरोसा दिलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह के उत्पीड़न, छेड़छाड़ अथवा अन्य अपराध की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।

कार्यक्रमों में महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए विषम परिस्थितियों में सतर्कता बरतने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने की अपील की। पुलिस विभाग का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के साथ उन्हें अधिकारों के प्रति सजग बनाना और समाज में सुरक्षित माहौल तैयार करना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now