महिलाओं को जागरूक करती मिशन शक्ति टीम।
– सुरक्षा व स्वावलंबन का दिया संदेश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटीरोमियो टीमों द्वारा महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चैपाल लगाकर महिलाओं एवं ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके त्वरित और विधिसम्मत निस्तारण के संबंध में जानकारी दी गई।
शनिवार को सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटीरोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को मिशन शक्ति 5.0 अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया। इस दौरान महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल के बारे में जानकारी देते हुए इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस विभाग ने महिलाओं व बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में बिना संकोच हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें और तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now